चतरा में तेज रफ्तार हाईवा का कहर, बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Rupa Kumari | July 27, 2026 | 11:27 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : चतरा जिले के इटखोरी-चौपारण मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार रात करीब 9 बजे इटखोरी-चौपारण मुख्य मार्ग स्थित सपना होटल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

एक युवक की मौके पर मौत

हादसे में चौपारण थाना क्षेत्र के मध्यगोपाली गांव निवासी ललन कुमार साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी बबलू कुमार साव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, ललन कुमार साव और बबलू कुमार साव अपने एक रिश्तेदार को इटखोरी छोड़ने गए थे। वापस घर लौटने के दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें : बिहार बंद प्रदर्शन के दौरान AK-47 इस्तेमाल करने वाला जवान निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

गांव और परिवार में मातम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस हादसे के बाद पूरे मध्यगोपाली गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें