मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

हजारीबाग में चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर रील बनाना पड़ा भारी, 17 वर्षीय युवक की मौत; चालक गिरफ्तार

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : उरीमारी ओपी क्षेत्र के रोड साइड प्रेमनगर में 21 अगस्त की रात हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय आकाश मांझी की मौत के मामले में पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक कमलेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया। मृतक की मां सुनीता देवी के आवेदन पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

यह भी पढ़ें : ISRO को कमजोर क्यों कर रही मोदी सरकार? जयराम रमेश ने उठाए निजीकरण पर सवाल

चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर बना रहे थे रील

पुलिस के अनुसार, उरीमारी पीला क्वार्टर के कुछ युवक स्कॉर्पियो (जेएच 01जीएम 9382) से घूम रहे थे। प्रारंभिक जांच में युवकों के नशे में होने की बात सामने आई है। बताया गया कि इसी दौरान कुछ युवक चलती स्कॉर्पियो की खिड़की से शरीर का आधा हिस्सा बाहर निकालकर मोबाइल से रील बना रहे थे। घटना रात करीब 8:30 बजे प्रेमनगर रोड साइड के पास हुई। बताया गया कि स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान खिड़की से बाहर निकलकर रील बना रहा आकाश मांझी दूसरे वाहन की चपेट में आ गया और सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर उरीमारी ओपी पुलिस पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने चालक कमलेश गंझू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद मृतक की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

उरीमारी ओपी प्रभारी रथ उरांव ने कहा कि नशापान कर वाहन चलाने और सड़क पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। ओपी प्रभारी के अनुसार, सड़क पर मोबाइल से रील बनाने के दौरान सुरक्षा की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की जांच में उरीमारी ओपी के एएसआई संजय यादव, कृष्णा कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment