मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गिरिडीह की जयंती नदी में डूबने से 3 बच्चों की मौत, साइकिल और कपड़े मिलने पर हुआ हादसे का खुलासा

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के गांडेय प्रखंड के मेढ़ो स्थित जयंती नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांडेय गांधीनगर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांडेय गांधीनगर निवासी चार बच्चे मंगलवार शाम करीब 5 बजे दो साइकिलों से घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम करीब 7 बजे कुछ ग्रामीणों ने नदी के दोनों छोर के पास दो साइकिलें लावारिस हालत में खड़ी देखीं। आसपास बच्चों के कपड़े और चप्पल भी पड़े थे।

साइकिल और कपड़े देखकर ग्रामीणों को हुई अनहोनी की आशंका

नदी किनारे बच्चों के कपड़े, चप्पल और साइकिलें मिलने के बाद ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पानी गहरा होने के कारण ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर तलाश शुरू नहीं की। इधर, शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजन भी उनकी तलाश कर रहे थे। नदी किनारे सामान मिलने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और कपड़े व साइकिलों की पहचान बच्चों की होने की पुष्टि की। इसके बाद नदी में डूबने की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

गोताखोरों ने करीब 15 मिनट में बरामद किए तीन शव

पुलिस की मौजूदगी में बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। रात करीब 8:45 बजे गोताखोर घटनास्थल पर पहुंचे और गहरे पानी में तलाश शुरू की। करीब 15 मिनट की कोशिश के बाद गोताखोरों ने नदी से तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए। मृतकों की पहचान अंश (14), पिता अनुप राम, आदित्य बरनवाल (14), पिता विक्की बरनवाल और श्रेयांश (12), पिता कैलाश राम के रूप में हुई है। तीनों गांडेय गांधीनगर के रहने वाले थे। घटना में शामिल चौथे बच्चे के संबंध में उपलब्ध जानकारी स्पष्ट नहीं है।

यह भी पढ़ें : झारखंड में 21 सितंबर तक बारिश का दौर, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रांची में यलो अलर्ट

तीन बच्चों की मौत से इलाके में पसरा मातम

एक साथ तीन बच्चों के शव मिलने के बाद घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment