Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार चार युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के गहने ठग लिए। अपराधियों ने इलाके में मारपीट की घटना होने का डर दिखाकर महिला को जेवर उतारने के लिए राजी किया। इसके बाद कागज में गहने लपेटने का नाटक करते हुए असली जेवर वाली पुड़िया बदल दी और दूसरी पुड़िया महिला को थमाकर फरार हो गए। घटना के बाद सिहोडीह निवासी सीमा देवी ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें : JPSC भर्ती रद्द करने के सरकार के फैसले के साथ, हाईकोर्ट में याचिका खारिज करने की मांग
पूजा का सामान खरीदने निकली थीं महिला
जानकारी के मुताबिक, सीमा देवी घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए पास की एक दुकान की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। महिला के अनुसार, युवकों ने पहले आवाज देकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद एक युवक उनके पास पहुंचा और उन्हें अपने अन्य साथियों के पास ले गया। वहां चारों युवकों ने खुद को मुफस्सिल थाना से आया पुलिसकर्मी बताया। अपराधियों ने महिला से कहा कि इलाके में मारपीट की घटना हुई है और ऐसे माहौल में सोने के गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सुरक्षा का हवाला देते हुए महिला को अपने गहने उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। खुद को पुलिसकर्मी समझकर महिला उनके झांसे में आ गई और उसने पहने हुए सोने के जेवर अपराधियों को दे दिए।

कागज में गहने लपेटने का किया नाटक
गहने मिलने के बाद अपराधियों ने उन्हें कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान उन्होंने बड़ी सफाई से असली जेवर वाली पुड़िया बदल दी और महिला के हाथ में दूसरी पुड़िया थमा दी। महिला को उस समय पुड़िया बदलने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद जब उन्होंने पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें सोने के गहने नहीं थे। तब तक चारों युवक बाइक से मौके से फरार हो चुके थे। पीड़िता को ठगी का एहसास होने के बाद उन्होंने तत्काल मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां कैद
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में अलग-अलग स्थानों पर अपराधियों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, महिला की रेकी करने से लेकर वारदात के बाद फरार होने तक की गतिविधियां CCTV फुटेज में मिलने की संभावना है। अब फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, बाइक और उनके संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मुफस्सिल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अनजान लोगों के झांसे में नहीं आने की अपील की है। खासकर यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर सोने के गहने उतारने या उन्हें सुरक्षित रखने की बात कहता है, तो बिना सत्यापन के उसकी बात पर भरोसा नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post


