स्कूल और मंदिर जाने वाले रास्ते पर गंदगी का कब्जा, बरगंडा के लोग परेशान

Rupa Kumari | August 4, 2026 | 05:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 स्थित बरगंडा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जाने वाले मार्ग की स्थिति इन दिनों बदहाल हो गई है। नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नाली जाम होने से सड़क पर फैला गंदा पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है और पूरे मार्ग पर बदबू तथा गंदगी का माहौल बना हुआ है। इससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को गंदे पानी के बीच से स्कूल आने-जाने में कठिनाई हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि जलजमाव और गंदगी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है तथा संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए क्षेत्र के मंदिरों में पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्नान कर पूजा के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं को भी रास्ते में फैले गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान, बोले- सरकार की पैनी नजर, उचित समय पर होगा निर्णय

नगर निगम से त्वरित कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन से नाली की तत्काल सफाई कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो जलजमाव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें