छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान, बोले- सरकार की पैनी नजर, उचित समय पर होगा निर्णय

Rupa Kumari | August 4, 2026 | 04:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों को लेकर राज्य में जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार पूरे मामले पर पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए है। नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पहलू की निगरानी कर रही है और राज्यहित में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि छात्र आंदोलन और उनकी मांगों को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की जिज्ञासाओं और मांगों को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के छात्र और युवा सरकार की मंशा और कार्रवाई पर भरोसा बनाए रखेंगे।

निष्पक्ष जांच के बाद लिया जाएगा फैसला

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी स्तरों पर प्रशासनिक गतिविधियां जारी हैं और जांच एजेंसियां सक्रिय रूप से अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी किसी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी हुई होगी, उसकी निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और सभी तथ्य सामने आने के बाद सरकार अपना निर्णय सार्वजनिक करेगी। मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार की आंख भी है, नाक भी है और हाथ भी है। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर रखे हुए है और हर स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें : लुकैयाटांड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया अनावरण

CID जांच और छात्र आंदोलन जारी

गौरतलब है कि जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच सीआईडी कर रही है। मामले में अब तक जेपीएससी के एक अधिकारी समेत 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरी ओर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी परीक्षा में कथित धांधली की सीबीआई जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें