Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नोटिस और सुनवाई अभियान की प्रगति का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने निरीक्षण किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के मध्य विद्यालय यूनिट-मेरी टोला पहुंचकर नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली। यहां मतदान केंद्र संख्या 95 और 96 से जुड़े नोटिस प्राप्त मतदाताओं के मामलों की सुनवाई चल रही थी। उपायुक्त ने मौके पर पहुंचकर सुनवाई की प्रक्रिया देखी और संबंधित मामलों में प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों का अवलोकन किया।
यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन पर पलामू में अनोखी पहल, स्कूली छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

पहचान और निवास से जुड़े दस्तावेजों की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत पहचान, निवास, जन्म तिथि और मतदाता सूची में दर्ज विवरण से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची की प्रविष्टियों के सत्यापन और आवश्यक सुधार की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली।
हर मतदाता को पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दें
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त प्रत्येक मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाए। प्रस्तुत दस्तावेजों की नियमानुसार जांच कर मतदाता सूची में मिली विसंगतियों का विधिसम्मत और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुनवाई के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और लिए गए निर्णयों का उचित अभिलेखीकरण करने पर भी विशेष जोर दिया।

विसंगतियों को दूर कर मतदाता सूची होगी अधिक शुद्ध
नोटिस चरण के तहत उन मतदाताओं के मामलों की जांच और सुनवाई की जा रही है, जिनकी मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में विसंगतियां मिली हैं या सत्यापन के दौरान अतिरिक्त दस्तावेज अथवा स्पष्टीकरण की जरूरत पाई गई है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रहें और अपात्र, दोहराव वाली या अन्य विसंगतिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।
मतदाताओं से संवाद कर ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर सुनवाई प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और सूची की प्रविष्टियां सही व अद्यतन रहें, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ काम करें।





















