रक्षाबंधन पर पलामू में अनोखी पहल, स्कूली छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

Meenu | August 27, 2026 | 01:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने शहर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य चितरंजन कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ। छात्राओं ने थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत मौजूद पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया और रक्षा सूत्र बांधा।

यह भी पढ़ें : चक्रधरपुर मंडल में नॉन इंटरलॉकिंग काम, 6 ट्रेनें रद्द, एक का रूट बदला

देशभक्ति गीतों से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने देशभक्ति और रक्षाबंधन से जुड़े गीतों की प्रस्तुति से की। इसके बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की और उनकी कलाई पर राखी बांधी। राखी बंधवाने के दौरान थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘पुलिस बच्चों की मित्र है’

थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने छात्राओं से अच्छी शिक्षा हासिल कर कर्मठ और देशभक्त नागरिक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जिम्मेदार नागरिक ही देश को प्रगति के रास्ते पर आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस पूरी तरह बच्चों के साथ है। बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

पुलिस से डरने के बजाय संवाद करें बच्चे

थाना प्रभारी ने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों के बीच यह संदेश जाता है कि पुलिस उनकी मित्र है। बच्चों को पुलिस से डरने के बजाय संवाद और सहयोग का संबंध रखना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी, एसआई संगीता झा, अंजनी सिन्हा, यातायात प्रभारी रूद्रानंद सरस समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Share this news

संबंधित खबरें