Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : झारखंड के पलामू जिले में छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने आलोक यादव उर्फ दुर्लभ उर्फ नीरज कुमार (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के एकौनी गांव का निवासी है। पुलिस ने मामले में एक लोडेड पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। हुसैनाबाद के एसडीपीओ सह आईपीएस अधिकारी दिव्यांश शुक्ल ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
2 सितंबर की रात हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे कचरा गांव निवासी छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह की पुरेंद्र बीघा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह के लिखित आवेदन पर 3 सितंबर को हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में दस लोगों को नामजद किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज है।

दो आरोपियों को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया
हत्याकांड की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले के नामजद आरोपी मनीष यादव, निवासी लोटनिया, हुसैनाबाद, और सिटू सिंह, निवासी बसौरी, सिकरहट्टा थाना क्षेत्र, आरा (बिहार), ने एनटीपीसी खैरा थाना कांड संख्या 70/2026 के मामले में 23 सितंबर को औरंगाबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद हुसैनाबाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों को इस हत्याकांड में पूछताछ के लिए 72 घंटे की पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश रचने और घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
निशानदेही पर पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर एकौनी भट्ठा नहर के किनारे सड़क के पास बने करकट के कमरे के नजदीक खजूर की झाड़ी से कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की गई। इसके साथ एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने बरामद सामान को जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया। इस मामले में आलोक यादव उर्फ दुर्लभ उर्फ नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी शामिल
कार्रवाई में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, अनुसंधानकर्ता छत्रधारी कुमार, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र सिंह और हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।






















