Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तियाड़ा मोड़ के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारिश और अंधेरे के बीच सड़क पर खड़े सीमेंट लदे ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय सरोज कुमार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अमित कुमार (19) और लक्ष्मण कुमार (19) शामिल हैं। लक्ष्मण की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बहन से राखी बंधवाने घर लौट रहा था लक्ष्मण
जानकारी के अनुसार, चापाटांड़, पिंड्राजोड़ा निवासी लक्ष्मण कुमार छत्तीसगढ़ से अपनी बहन से राखी बंधवाने घर लौट रहा था। ट्रेन से पुरुलिया पहुंचने के बाद वह बस से घर के लिए निकला, लेकिन रास्ता भटकने के कारण चंदनकियारी पहुंच गया। लक्ष्मण के चंदनकियारी पहुंचने की जानकारी मिलने पर उसे घर लाने के लिए सरोज कुमार और अमित कुमार बाइक से वहां पहुंचे थे। दोनों लक्ष्मण को बाइक पर बैठाकर वापस घर लौट रहे थे। तीनों युवक JH09BM-7466 नंबर की बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तियाड़ा मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क पर खड़े JH09BA-5890 नंबर के सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और अंधेरा भी था।

कम दृश्यता बनी हादसे की बड़ी वजह
आशंका है कि बारिश और कम रोशनी के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल ले जाया गया। बोकारो सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सरोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित कुमार और लक्ष्मण कुमार का इलाज जारी है। लक्ष्मण की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : स्वाति शालिनी होंगी झारखंड हाईकोर्ट में BCCL की स्टैंडिंग काउंसिल, 20 अगस्त से नियुक्ति प्रभावी
सरोज की मौत से गांव में मातम
सरोज कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जानकारी गांव पहुंचने के बाद चापाटांड़ में भी शोक का माहौल है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे की सूचना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

