Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : झारखंड के युवा तैराकों के लिए बड़ी खबर है। रांची के वीर बुद्ध भगत एक्वेटिक स्टेडियम स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्विमिंग पूल में 24 से 26 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली 16वीं जूनियर एवं सब-जूनियर झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता के लिए बोकारो जिला टीम का चयन 19 जुलाई को किया जाएगा। झारखंड तैराकी संघ के अधीन रांची जिला तैराकी संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बोकारो जिला तैराकी संघ ने चयन ट्रायल की घोषणा की है। यह ट्रायल सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के स्विमिंग पूल में आयोजित होगा।
जिले भर के तैराकों को मिलेगा मौका
बोकारो जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने बताया कि चयन ट्रायल पूरी तरह ओपन रहेगा। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों, खेल क्लबों, ग्रामीण क्षेत्रों और स्वतंत्र रूप से प्रशिक्षण लेने वाले तैराक भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को 19 जुलाई की सुबह 7 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपना पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ और स्विमिंग कॉस्ट्यूम साथ लाना अनिवार्य होगा।

कई स्पर्धाओं में होगा चयन
चयन ट्रायल के दौरान विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा जाएगा। इनमें फ्रीस्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्रीस्टाइल रिले और मेडले रिले जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तैराकों को बोकारो जिला टीम में शामिल किया जाएगा, जो 24 से 26 जुलाई तक रांची के होटवार स्थित वीर बुद्ध भगत एक्वेटिक स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। डॉ. गंगवार ने बताया कि चयन ट्रायल के दिन प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के नियमों, कार्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारियों से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ी बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें।
यह भी पढ़ें: धनबाद में सड़क हादसे के घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम
तैराकी प्रतिभाओं को निखारने पर जोर
उन्होंने कहा कि बोकारो जिला तैराकी संघ लगातार बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। जिले के कई तैराक राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक भी जीत चुके हैं। डॉ. गंगवार ने चयन ट्रायल में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

