बांकीपुर उपचुनाव के बीच भाजपा अध्यक्ष का बिहार दौरा, 9 जुलाई को पटना पहुंचेंगे; कई बैठकों में होंगे शामिल

Rupa Kumari | July 8, 2026 | 02:09 PM IST

Samachar Post डेस्क, पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन 9 जुलाई से दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे। 10 जुलाई तक प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वे कई राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उपचुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा माना जा रहा है।

महावीर मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पटना पहुंचने के बाद भाजपा अध्यक्ष सबसे पहले महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। हाल ही में बांकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बनाए गए अभिषेक कुमार सिन्हा को उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दी थीं। अपने संदेश में उन्होंने विश्वास जताया था कि बांकीपुर की जनता उन्हें सेवा का अवसर देगी।

चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा के समर्थन में आयोजित होने वाली एक सभा में भी उनके शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवार के नामांकन कार्यक्रम में भी उनकी मौजूदगी हो सकती है।दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष राज्य के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, बांकीपुर उपचुनाव और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों को लेकर भी विस्तृत मंथन किया जाएगा।

एनडीए नेताओं के साथ बैठक संभव

सूत्रों के मुताबिक 10 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर एनडीए के जिलाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष के शामिल होने की संभावना है। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों, चुनावी तैयारियों और गठबंधन की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। कार्यक्रमों के समापन के बाद उनके पटना से वापस रवाना होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग वन भूमि मामले में ED-CBI जांच से हाईकोर्ट का इनकार, जनहित याचिका खारिज

उपचुनाव पर टिकी राजनीतिक नजरें

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व का यह दौरा चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें