Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची स्थित धुर्वा डैम में अवैध रूप से फ्लोटिंग जीटी प्लेटफॉर्म लगाकर नौका विहार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विजय सिंह ने नगड़ी थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग पर्यटन विभाग द्वारा निर्धारित क्षेत्र के समीप ही अवैध रूप से प्लेटफॉर्म स्थापित कर बोटिंग गतिविधियां चला रहे हैं।
पर्यटन विभाग के निर्धारित क्षेत्र के पास हो रहा संचालन
शिकायतकर्ता के अनुसार धुर्वा डैम में नौका विहार के लिए पर्यटन विभाग ने पहले से स्थान चिह्नित कर रखा है। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा उसी क्षेत्र के आसपास फ्लोटिंग जीटी प्लेटफॉर्म लगाकर नावों का संचालन किया जा रहा है। इससे आधिकारिक और अनधिकृत नौका संचालन के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। जीटी प्लेटफॉर्म या फ्लोटिंग जेट्टी वह स्थान होता है जहां से पर्यटक नाव पर चढ़ते-उतरते हैं और नावों को खड़ा किया जाता है।

लिमस मरीन को मिला है आधिकारिक संचालन का जिम्मा
गौरतलब है कि धुर्वा डैम में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स और नौका विहार संचालन की जिम्मेदारी लिमस मरीन इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) ने 19 फरवरी 2025 को जारी लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) के माध्यम से इसकी आधिकारिक जानकारी दी थी। यह चयन 28 दिसंबर 2024 को जारी आरएफपी संख्या 1430/2024 के तहत प्राप्त वित्तीय बोलियों के आधार पर किया गया था। कंपनी को प्रारंभिक रूप से पांच वर्षों के लिए अनुबंध दिया गया है, जिसे आपसी सहमति से अगले पांच वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में खुरपका-मुंहपका बीमारी के खिलाफ अभियान तेज, पशुओं का घर-घर टीकाकरण शुरू
कंपनी की जिम्मेदारियां तय
अनुबंध के तहत कंपनी को धुर्वा डैम में नौकाओं और अन्य वॉटर स्पोर्ट्स उपकरणों का संचालन, रखरखाव, सुरक्षा प्रबंधन, उपकरणों की मरम्मत, प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। अब शिकायत सामने आने के बाद निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

