अरगोड़ा में बंद घर का ताला तोड़कर 10 लाख की चोरी, नकदी और जेवरात ले गए चोर

Rupa Kumari | September 1, 2026 | 02:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पीपरटोली में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और आलमारी में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना 28 अगस्त की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता संजू देवी 28 अगस्त की रात करीब 9 बजे घर में ताला लगाकर पुंदाग स्थित अपनी बेटी डिंपल के घर गई थीं। अगले दिन 29 अगस्त की दोपहर जब वह वापस पीपरटोली स्थित अपने मकान पर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर दोनों आलमारियां खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी।

75 हजार रुपये नकद समेत जेवरात चोरी

संजू देवी के अनुसार, आलमारी में रखे 75 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा सोने के तीन लॉकेट, दो कंगन, मांगटीका, नथिया लड़ी, दो अंगूठियां, कान की बालियां और नथुनी समेत कई आभूषण चोरी हुए हैं। चांदी के सामान में पायल, लॉकेट, वल्ला, बिछिया लड़ी, बिछिया और चांदी के सिक्के समेत घरेलू उपयोग की कई कीमती वस्तुएं शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।बताया गया है कि संजू देवी अपने परिवार के साथ करीब एक साल से सन्नी तिर्की के मकान में किराये पर रह रही हैं। घटना के समय घर खाली था। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें : बारिश ने बिगाड़ी गढ़वा की सूरत, सड़कें डूबीं और स्कूल बंद; नदियां उफान पर

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पीड़िता ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चोरी से जुड़े अन्य संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें