दशम फॉल में महिलाओं से बदसलूकी पर भड़के बाबूलाल मरांडी, पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल

Rupa Kumari | July 8, 2026 | 03:29 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के दशम फॉल क्षेत्र में महिलाओं की कार का पीछा करने और उनके साथ कथित बदसलूकी की घटना को लेकर झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा मदद की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जो कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

महिलाओं की सुरक्षा पर जताई चिंता

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि पर्यटक स्थलों पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करें और समय पर पुलिस सहायता न मिले, तो यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अपराध की कई घटनाओं ने लोगों के मन में भय का माहौल पैदा किया है। ऐसे में पुलिस की तत्परता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

निवेश और पर्यटन पर भी उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को झारखंड आने का न्योता दे रही है, लेकिन यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी रहेगी तो निवेशकों का भरोसा कैसे बनेगा। मरांडी ने कहा कि पर्यटन सीजन और मानसून के दौरान राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखती। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा प्रभावित होती है।

पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग

बाबूलाल मरांडी ने रांची पुलिस और झारखंड पुलिस से मांग की कि दशम फॉल समेत राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक और प्रभावी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्ती, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह भी पढ़ें: दशम फॉल के पास महिलाओं की कार का स्कॉर्पियो सवारों ने किया पीछा, वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद

घटना के बाद बढ़ी चर्चा

गौरतलब है कि दशम फॉल क्षेत्र में तीन महिलाओं के साथ कथित रूप से कुछ युवकों द्वारा पीछा करने और धमकाने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। घटना को लेकर लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।

Share this news

संबंधित खबरें