मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में वज्रपात का खतरा

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट और कई अन्य क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। वहीं हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।

अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से अहम

मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके असर से अगले 24 घंटे झारखंड के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

1 और 2 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अगस्त के बाद भी बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने वाला नहीं है। 1 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची और आसपास के इलाकों में 1 और 2 सितंबर को दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है, हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। 4 सितंबर को रांची समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 5 सितंबर को गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। भारी बारिश की आशंका वाले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने का खतरा है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश की कमी घटकर 8 फीसदी

मानसून की सक्रियता के बीच राज्य में बारिश की कमी भी कम हुई है। 1 जून से 30 अगस्त के बीच झारखंड में 729.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 792.5 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से अब करीब 8 फीसदी कम है। कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में 48 फीसदी, लातेहार में 23 फीसदी, सरायकेला-खरसावां में 9 फीसदी और रांची में 8 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

वज्रपात को लेकर बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने, बिजली के खंभों के पास रहने और जलाशयों के नजदीक जाने से बचने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचना भी बेहतर रहेगा।

यह भी पढ़ें : जेएससीए की एजीएम में ऑडिटेड हिसाब-किताब सर्वसम्मति से मंजूर, पूर्व चीफ जस्टिस वीरेंद्र सिंह बने लोकपाल

बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद

बारिश होने से वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कण कम हो सकते हैं, जिससे शहरी क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है। 30 अगस्त को जमशेदपुर का AQI 62 और धनबाद का 133 दर्ज किया गया था। बारिश के बाद जमशेदपुर समेत राज्य के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहतर होने की संभावना है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment