Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं, सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
20 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 से 20 अक्टूबर के बीच झारखंड के किसी भी जिले के लिए गंभीर मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल राज्य में भारी बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की गरज-चमक की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंडक और दोपहर में गर्मी महसूस हो सकती है।

रांची में 29, जमशेदपुर में 33 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान
16 अक्टूबर को झारखंड के प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान अलग-अलग रहने का अनुमान है। शहरवार संभावित तापमान इस प्रकार है:
- रांची: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 19°C
- पलामू: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 20°C
- बोकारो: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 23°C
- जमशेदपुर: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 22°C
अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक, जमशेदपुर और बोकारो में दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। वहीं, रांची समेत अन्य इलाकों में सुबह और शाम का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहने की संभावना है।


















