Samachar Post रिपोर्टर, पूर्वी सिंहभूम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के दूबराजपुर गांव के पास शनिवार शाम सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बोड़ाम-माधवपुर मुख्य सड़क पर शाम करीब 5 बजे हुआ। मृतक की पहचान पलाशडीह निवासी 34 वर्षीय तरणी कर्मकार के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक था।
मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, तरणी कर्मकार अपने साथी के साथ बाइक से वनडीह से दूबराजपुर की ओर जा रहा था। दूबराजपुर गांव के पास एक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई। टक्कर में तरणी के सिर में गंभीर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी उछलकर सड़क किनारे धान के खेत में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

एमजीएम अस्पताल ले गए ग्रामीण
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बोड़ाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तरणी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज शुरू किया गया। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने तरणी कर्मकार का शव परिजनों को सौंप दिया। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



















