Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर अपनी अभिरक्षा में लिया और जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ मंडल लगातार पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। एसआईटी की टीमें झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और परिजनों से भी पूछताछ की, लेकिन वह लंबे समय तक पकड़ से बाहर रहा। बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपी ने अपना हुलिया बदलकर सीधे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में पहुंचकर सरेंडर किया।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
पुलिस अब विश्वनाथ मंडल को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए अदालत में आवेदन दिया जाएगा। रिमांड के दौरान हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, हथियारों की व्यवस्था और वारदात के पीछे की वजहों को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।जांच एजेंसियों का मानना है कि बोदरा से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं, जिससे पूरे मामले की परतें खुलने की संभावना है।
27 जून को हुई थी हिमांशु सिंह की हत्या
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने अब तक 10 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ को जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग आरोपियों को रिमांड होम में रखा गया है।

डीडी बार संचालक समेत कई आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार किया गया था। ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा बार के मैनेजर विजय महानंद सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
यह भी पढ़ें: धुर्वा डैम में अवैध नौका विहार संचालन का आरोप, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
पुलिस को मिल सकती हैं कई अहम कड़ियां
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद जांच को नई दिशा मिलेगी। पूछताछ में हत्या की साजिश रचने वालों, हमलावरों, हथियार उपलब्ध कराने वालों और फरारी के दौरान मदद करने वाले लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। हिमांशु सिंह हत्याकांड में विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा का सरेंडर जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है और अब पूरे मामले में आगे कई अहम खुलासों की उम्मीद की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

