Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में बछड़ा लदा तेज रफ्तार ऑटो दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। डोबो पुल के पास हुए हादसे में ऑटो पलट गया था। पुलिस ने वाहन और बछड़े को बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को इलाज और पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो संख्या JH 05 BR 6995 में बछड़ा लादकर तेज रफ्तार में ले जाया जा रहा था। डोबो पुल के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार दोनों युवकों को हल्की चोटें आईं।
पुलिस ने ऑटो और बछड़े को किया बरामद
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और उसमें लदे बछड़े को जब्त कर लिया। घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए MGM अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया।इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद साईद अफरीदी और 21 वर्षीय मोहम्मद सादिम के रूप में हुई है। दोनों सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित अंसार नगर (डेम डूबी) के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में रंगदारी नहीं देने पर युवक पर चापड़ से हमला, आरोपी 3 दिन पहले जेल से छूटा था
प्राथमिकी के बाद कोर्ट में पेशी
मामले में स्थानीय निवासी संतोष वर्मा के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। इसके बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

