Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान चलाया गया। प्राचार्य विश्वजीत चक्रवर्ती के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने श्रमदान किया। इस दौरान गोकुलपुर मोड़ के पास और विद्यालय के आसपास साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान गोकुलपुर मुख्य सड़क पर बने गड्ढों की भी मरम्मत की गई। स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने श्रमदान के माध्यम से सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया।
दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए की गई मरम्मत
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों, अभिभावकों और आम लोगों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसे देखते हुए अभियान के तहत सड़क के गड्ढों को भरने की पहल की गई। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों के लिए आवागमन को सुरक्षित बनाना है।
स्वच्छता को लेकर लोगों को किया जागरूक
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। DAV स्कूल की इस पहल के जरिए विद्यार्थियों ने स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों की देखभाल और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।





















