Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : हिरणपुर बाजार में सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार देर शाम विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी और थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सुभाष चंद्र बोस चौक, गली नंबर-1, गली नंबर-2, थाना चौक समेत बाजार के कई व्यस्त इलाकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग और दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण की जांच की गई।
दुकानदारों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत
प्रशासन ने दुकानदारों, गैराज संचालकों और वाहन चालकों को सड़क पर किसी भी तरह का अवरोध नहीं करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग या अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
24 घंटे में हटाना होगा सड़क किनारे रखा सामान
अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे टेबल, कुर्सी, प्लास्टिक टेंट, बांस-बल्ले और अन्य सामान को हटाने का निर्देश दिया गया। संबंधित लोगों को इसके लिए 24 घंटे की समय-सीमा दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर सामान जब्त किया जा सकता है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस अभियान का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू करना और सड़क पर आवागमन में हो रही परेशानी को दूर करना है।






















