मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पाकुड़-हिरणपुर मार्ग पर बस और 16 चक्का हाइवा की जोरदार टक्कर, चालक समेत 4 घायल

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सहरकोल ब्रिज के पास बोरिंग ऑफिस के समीप दुमका जा रही अभिषेक बस की सामने से आ रहे 16 चक्का हाइवा से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक का दाहिना पैर टूट गया, जबकि बस में सवार तीन यात्री भी घायल हुए। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, बस संख्या JH 04 AC 2495 मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे पाकुड़ बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर दुमका के लिए रवाना हुई थी। सहरकोल के पास विपरीत दिशा से आ रहे 16 चक्का हाइवा संख्या WB 59H 8406 से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना जोरदार था कि बस का अगला हिस्सा और चालक की सीट वाला क्षेत्र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी और उसका पैर टूट गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ से बाहर रेफर किया गया है। वहीं, बस में सवार तीन यात्रियों को भी चोटें आईं। सभी को पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया। एक यात्री के सीने में चोट बताई गई है, जबकि अन्य दो यात्रियों को अपेक्षाकृत हल्की चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार किसी भी घायल की हालत फिलहाल जानलेवा नहीं है।

सड़क के गड्ढों और तेज रफ्तार पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक दुर्घटनास्थल के आसपास सड़क की हालत खराब है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक होने की बात भी कही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस तथा हाइवा को कब्जे में ले लिया। बाद में दोनों वाहनों को पुलिस लाइन भेजा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ वाहनों की स्थिति, सड़क की परिस्थिति और दोनों चालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में चौकीदार भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी पूरी, हाईकोर्ट के आदेश के बाद दस्तावेज सत्यापन की तैयारी तेज

जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने की मांग की है। गनीमत रही कि बस में कई यात्रियों के सवार होने के बावजूद हादसा जानलेवा नहीं हुआ।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment