Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के व्यस्त बिष्टुपुर इलाके में स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के जीवन प्रकाश भवन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित LIC कार्यालय में लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान भवन में मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात करीब 1:30 बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे भवन में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने दूसरी मंजिल से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल LIC प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
LIC कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी आग
जिस हिस्से में आग लगी, वहां LIC का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल संचालित होता है। आग की वजह से कार्यालय में रखे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग बुझने के बाद LIC के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद LIC भवन में मौजूद फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी में भवन में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, फायर सेफ्टी मानकों और भवन में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।























