Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के टाटानगर स्टेशन मुख्य सड़क पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। चाईबासा बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान संजय नगर निवासी 25 वर्षीय कल्लू यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह स्टेशन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था और अपनी कमाई से दो भाइयों और एक बहन का भरण-पोषण करता था।
सड़क पार करते समय ट्रेलर ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कल्लू यादव शुक्रवार देर रात स्टेशन मुख्य सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान हाता की ओर से आ रहे ट्रेलर (NL 01 AD 8913) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर पर पन्नू कार्गो मूवर्स लिखा हुआ है।

पुलिस ने ट्रेलर जब्त किया
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वहीं, उसका चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कल्लू यादव के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह मजदूरी कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत की खबर से परिजनों और आसपास के लोगों में शोक है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर फिर उठे सवाल
स्टेशन मुख्य सड़क पर हुए इस हादसे के बाद शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान गति नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाने और व्यस्त सड़कों पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।


















