Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : पदमा ओपी पुलिस ने शनिवार रात वाहन जांच के दौरान नकली विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पदमा ओपी गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने ग्रे रंग की इनोवा कार (JH10J-7960) से ‘CLASSIC OLD HABBIT WHISKY’ की 732 बोतलें बरामद कीं। पुलिस के मुताबिक, शराब को बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी थी। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि इनोवा कार से अवैध विदेशी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बरही SDPO और बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में ओपी गेट के पास वाहन जांच शुरू की गई।
भागने की कोशिश में पकड़ी गई इनोवा
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध इनोवा को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से कार को रोक लिया गया। इसके बाद वाहन में सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस. बेंकटरमन मूर्ति (करीब 46 वर्ष), निवासी बैंक कॉलोनी, करणडीह, परसुडीह, पूर्वी सिंहभूम और गुड्डू आलम (करीब 24 वर्ष), निवासी मजूराहा, बरियारपुर, मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है।
33 पेटी नकली शराब बरामद
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने धनबाद के बरवाअड्डा निवासी मुकेश कुमार से 33 पेटी शराब लेकर बिहार जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार में रखे कार्टूनों की जांच की, जिसमें ‘CLASSIC OLD HABBIT WHISKY’ की बोतलें मिलीं। बरामद शराब में 375 ML की 28 पेटियों में 672 बोतलें और 750 ML की पांच पेटियों में 60 बोतलें शामिल हैं। कुल 732 बोतलें जब्त की गई हैं। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की इनोवा कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
नकली शराब के नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में नकली शराब बनाने वाले कथित संचालक के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है। अब पुलिस शराब के स्रोत, इसकी सप्लाई चेन और बिहार में इसकी खपत से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 338/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 292, 349 और 3(5) के साथ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है।




















