गढ़वा में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, शव पेड़ से लटकाया; 48 घंटे में तीन गिरफ्तार

Rupa Kumari | August 21, 2026 | 03:26 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को महुआ के पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और वैज्ञानिक जांच की मदद से महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पेड़ से लटका मिला था युवक का शव

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को बरडीहा थाना पुलिस को बभनी गांव में एक युवक का शव महुआ के पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान गांव निवासी टप्पू रजवार के रूप में हुई। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया संदिग्ध घर तक

जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से सीधे एक घर तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस का संदेह गहरा गया। पुलिस ने घर में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने युवक की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, युवक का प्रेमिका से बातचीत करना उसके परिजनों को नागवार गुजर रहा था।

प्रेमिका के तीन परिजन गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रेमिका के दादा राम प्यारी रजवार, दादी मनमतिया देवी और चाचा सुनील रजवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक की गला घोंटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को महुआ के पेड़ से लटका दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रस्सी और गमछा भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें : एचईसी के पुनरुद्धार पर संसदीय समिति ने सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात

वैज्ञानिक जांच से हुआ मामले का खुलासा

एसडीपीओ ने बताया कि वैज्ञानिक जांच और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस को मामले की कड़ियां जोड़ने में सफलता मिली। घटना के महज 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें