- जल उठाने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच हुआ हादसा, प्रशासन और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के केतार प्रखंड स्थित पाचाडुमर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोन नदी में स्नान के बाद सेल्फी लेने के दौरान तीन किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो छात्राएं अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम लगातार अभियान चला रही है।जानकारी के अनुसार, सावन की सोमवारी के अवसर पर पाचाडुमर गांव समेत आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सोन नदी में जल उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन लड़कियां स्नान करने के बाद नदी किनारे सेल्फी ले रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी क्रम में वे गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। ग्रामीणों ने शोर सुनते ही बचाव अभियान शुरू किया और एक लड़की को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दो छात्राओं की तलाश जारी
लापता छात्राओं की पहचान बबलू प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी और गीरवर ठाकुर की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। दोनों छाताकुंड उच्च विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्राएं हैं। घटना सोमवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू कराया। ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों तथा प्रशासन की टीम द्वारा नदी में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

यह भी पढ़ें : टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलसा
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पाचाडुमर गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। लापता छात्राओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं और सभी की निगाहें बचाव एवं खोज अभियान पर टिकी हुई हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

