JPSC-JSSC आंदोलन: छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के 5 गोले, वाटर कैनन का भी इस्तेमाल

Meenu | August 10, 2026 | 03:17 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान सोमवार को रांची में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के पांच गोले छोड़े गए। आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रहीं।

यह भी पढ़ें : टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलसा

लगातार बैरिकेडिंग पार कर रहे छात्र

विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र सुबह से ही आंदोलन स्थल पर जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारी अलग-अलग समूहों में लगातार पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से छात्रों को रोकने के लिए कई स्तर पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके कारण पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

वाटर कैनन के बाद आंसू गैस का इस्तेमाल

छात्रों के लगातार आगे बढ़ने के दौरान पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस के पांच गोले छोड़े गए। आंसू गैस छोड़े जाने के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र

प्रदर्शनकारी छात्र JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्र परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। छात्र प्रतिनिधियों और सरकार के बीच मांगों को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया।

जयराम महतो ने छात्रों से की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

आंदोलन के बीच डुमरी विधायक जयराम महतो भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की। जयराम महतो ने कहा कि आंदोलन के दौरान उग्रता से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने JSSC-CGL परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर छात्रों के साथ संघर्ष जारी रखने की बात कही।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

फिलहाल विधानसभा की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस और प्रशासन प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें