Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के दिबौर में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार की ओर जा रहा सीमेंट लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले एक अन्य ट्रक से टकराया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे बनी दो दुकानों में जा घुसा, जिससे दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
ढलान पर बिगड़ा संतुलन, दुकानों में जा घुसा ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसा सदर थाना क्षेत्र के दिबौर इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोडरमा घाटी की ढलान पर सीमेंट लदे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को रौंदते हुए उनमें जा घुसा।
दुकान में सो रहे व्यक्ति का टूटा पैर
हादसे के समय 40 वर्षीय कन्हाई सिंह दुकान के अंदर सो रहे थे। टक्कर के बाद दुकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक और उपचालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC मांगों को लेकर 8 छात्रों का डेलीगेशन स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा, मंत्रियों ने दिया आश्वासन
लाखों रुपये की संपत्ति हुई नष्ट
दुकान संचालक छोटू राणा और कारु साव ने बताया कि हादसे में उनकी दुकानों में रखा फ्रीज, काउंटर, रैक समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। उनके अनुसार, दुर्घटना में लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस और सड़क सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सड़क सुरक्षा कर्मी सागर गिरी की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

