कोडरमा: POCSO केस का फरार आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, SIT ने तकनीकी ट्रैकिंग से दबोचा

Meenu | August 8, 2026 | 04:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोडरमा पुलिस ने POCSO एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने तकनीकी ट्रैकिंग और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC आंदोलन: AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने देवेंद्र महतो से की मुलाकात, कहा- देशभर के छात्रों का मिल रहा समर्थन

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को कोडरमा थाना क्षेत्र के छोटकीबागी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ कथित दुष्कर्म को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 अगस्त की शाम करीब 3 बजे नाबालिग घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में किराए पर रहने वाले रूपलाल मेहता, पिता जगदीश मेहता, निवासी मसनोडीह, थाना डोमचांच, ने कथित रूप से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

BNS और POCSO एक्ट की धाराओं में केस दर्ज

शिकायत के आधार पर कोडरमा थाना में कांड संख्या 149/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और POCSO Act की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया।

SIT ने तकनीकी ट्रैकिंग से आरोपी को पकड़ा

SIT में महिला थाना प्रभारी, कोडरमा थाना के पुलिस अधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया था। टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, तकनीकी ट्रैकिंग और स्थानीय स्तर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी रूपलाल मेहता को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोडरमा पुलिस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि POCSO जैसे गंभीर मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और केस से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें