पाकुड़: सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम

Meenu | August 8, 2026 | 12:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई में सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, तोड़ाई निवासी अनूप कुमार मंडल पाकुड़ से तोड़ाई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तोड़ाई में प्रवेश करने के दौरान पुल के पास वे एक हाइवा की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनूप को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अनूप कुमार मंडल की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : पलामू: ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, 6 लोगों पर नामजद प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस

मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम

युवक की मौत की खबर मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद हटा जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन और अंचल अधिकारी (CO) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाया तथा मुआवजा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया और यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें