Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित झेनागड़िया गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय गुलचेहरा बीवी और उनकी 45 वर्षीय मां मेंजा बेवा के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान एब्रास अंसारी के रूप में की गई है, जो घर जमाई बनकर ससुराल में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है।
देर रात विवाद के बाद हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात भोजन करने के बाद एब्रास अंसारी अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ कमरे में सोने चला गया था। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एब्रास ने चाकू से पत्नी के गले पर हमला कर दिया।पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां-बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद छोटे बच्चों ने यह पूरी वारदात देखी, जिससे परिवार और गांव में शोक एवं दहशत का माहौल है।
मुंबई से लौटा था आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार, गुलचेहरा बीवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले एब्रास अंसारी से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक ढाई से तीन माह का बेटा शामिल है। आरोपी मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार शाम ही गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि घर लौटने के कुछ घंटों बाद ही उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी अपनी पत्नी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और कुछ अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि एब्रास अंसारी पूर्व में भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। हालांकि पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : सरायकेला में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, तीन इनामी माओवादी गिरफ्तार, AKM-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
जल्द होगी गिरफ्तारी: एसडीपीओ
पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

