Samachar Post रिपोर्टर, रांची : धुर्वा थाना क्षेत्र के शहीद मैदान में सोमवार रात खाने-पीने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चुटिया निवासी सोहन राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोहन राय अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के बाद मारपीट, गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
जानकारी के मुताबिक, कहासुनी बढ़ने के बाद सोहन राय और उसके दोस्तों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ दोस्तों ने हरवे-हथियार से सोहन राय पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। वहीं, एक-दो दोस्तों ने घायल सोहन राय को इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।

















