Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए मोटर पंप, जनरेटर का अल्टरनेटर, ट्रक की बैटरियां समेत अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रविवार रात हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैतीखैर गांव में रविवार रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोरों ने मुखलाल यादव और सुनील कुमार यादव के खेतों से विद्युत मोटर पंप, सुरेंद्र पाल के जनरेटर का अल्टरनेटर तथा एक ट्रक से दो बड़ी बैटरियां और डीजल चोरी कर लिया था। घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर चिनिया थाना में कांड संख्या 30/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को बिलैतीखैर गांव निवासी 22 वर्षीय अजय कुमार यादव और 23 वर्षीय सोनू कुमार साव की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों मोटर पंप, जनरेटर का अल्टरनेटर और ट्रक की दो बड़ी बैटरियां बरामद कर लीं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, ब्लेड और सलाई रिंच भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान में डेढ़ एचपी और दो एचपी क्षमता के विद्युत मोटर पंप शामिल हैं, जिन्हें आरोपियों ने गांव में छिपाकर रखा था।
यह भी पढ़ें : चमोली टनल हादसे में सात मजदूरों की मौत, झारखंड के दो श्रमिक भी शामिल
प्रेस वार्ता में दी जानकारी
चिनिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया और चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

