Samachar Post रिपोर्टर, रांची : उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में हुए भू-धंसाव के बाद बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में झारखंड के दो श्रमिक भी शामिल हैं। हादसा गुरुवार शाम करीब सात बजे टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में हुआ। भू-धंसाव के बाद सुरंग के अंदर बड़ी मात्रा में मलबा भर गया, जिससे कई मजदूर अंदर फंस गए। रातभर चले राहत और बचाव अभियान के दौरान 21 मजदूरों को बाहर निकाला गया। इनमें सात की मौत हो चुकी है, जबकि 14 घायल मजदूरों का इलाज गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह के बगोदर में वर्कशॉप संचालक की गला रेतकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम की
झारखंड के दो मजदूरों की भी मौत
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में झारखंड के विजय कुमार और जितेंद्र कुमार शामिल हैं। विजय कुमार की उम्र 28 वर्ष बताई गई है, जबकि जितेंद्र कुमार की उम्र की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। दोनों की मौत की पुष्टि के बाद झारखंड स्थित उनके परिवारों में शोक का माहौल है। अस्पताल में भर्ती 14 मजदूरों में कुछ को मामूली, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।

मलबे की वजह से रेस्क्यू में आई दिक्कत
अधिकारियों के अनुसार, सुरंग के भीतर बड़ी मात्रा में मलबा जमा होने के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आईं। रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाकर अंदर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग में फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।
सीएम हेमंत सोरेन ने धामी से की बात
हादसे की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की और राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति की जानकारी ली। झारखंड सरकार की ओर से प्रभावित मजदूरों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे राहत और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, टीआरटी टनल के अंदर कुछ और मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। राज्य आपातकालीन सेवा के ड्यूटी ऑफिसर अनिल काला के अनुसार, अब तक 21 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाला गया है। इनमें सात की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 का अस्पताल में इलाज जारी है। रेस्क्यू टीम अब सुरंग के अंदर फंसे अन्य मजदूरों तक पहुंचने के लिए अभियान तेज कर रही है।

Reporter | Samachar Post

