Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : कोडरमा के डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। खुखड़ी खाने के कुछ देर बाद सभी को पेट दर्द और लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों के अनुसार, कुछ लोगों को 20 से अधिक बार उल्टी हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया।
यह भी पढ़ें : झारखंड में आज भी छाए रहेंगे बादल, 23 अगस्त तक आंधी-वज्रपात का अलर्ट
खुखड़ी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने बेटे निर्मल यादव के साथ खेत में धान रोपने गई थीं। देर शाम जब दोनों घर लौटे तो देखा कि बच्चे और बहू परेशान हैं और लगातार उल्टियां कर रहे हैं। पूछताछ में परिवार को पता चला कि शाम में जंगली खुखड़ी खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

चार बच्चे और दो महिलाएं बीमार
बीमार लोगों में 13 वर्षीय नैतिक कुमार, 12 वर्षीय सूरज कुमार, 10 वर्षीय उज्जवल कुमार, 16 वर्षीय मौसम कुमारी, 30 वर्षीय मुन्नी देवी और 36 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, बीमार सदस्यों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं। मुन्नी देवी का इलाज घर पर ही किया गया, जबकि अन्य प्रभावित लोगों को सदर अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग का मामला
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने सभी की प्रारंभिक जांच के बाद आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर के अनुसार, यह फूड पॉइजनिंग का मामला है और खुखड़ी खाने के बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकों की निगरानी में जांच और उपचार जारी है।

Reporter | Samachar Post

