झारखंड में आज भी छाए रहेंगे बादल, 23 अगस्त तक आंधी-वज्रपात का अलर्ट

Meenu | August 20, 2026 | 10:03 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी के संकेत हैं, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। 20 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 20 अगस्त के ताजा अलर्ट के अनुसार 20 से 23 अगस्त तक झारखंड में गरज-चमक और आंधी/तेज हवा की चेतावनी जारी है।

20 से 23 अगस्त को कई जिलों में बारिश के आसार


आज राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां छिटपुट रह सकती हैं, लेकिन गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। IMD के विस्तारित पूर्वानुमान में भी 20 अगस्त तक झारखंड में व्यापक वर्षा की संभावना और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई थी। मौसम विभाग ने 20, 21, 22 और 23 अगस्त के लिए झारखंड में थंडरस्टॉर्म और लाइटनिंग की चेतावनी जारी की है। 24 अगस्त के बाद इस विशेष चेतावनी में फिलहाल कमी दिखाई गई है। इस दौरान तेज हवा के साथ अचानक मौसम बदल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

रांची समेत कई जिलों में बादल और बारिश

राजधानी रांची में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है। राज्य के कई हिस्सों में दिन के दौरान तापमान लगभग 32-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश की तीव्रता सभी जिलों में एक जैसी नहीं रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी, जबकि स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं तेज बारिश और गरज-चमक भी हो सकती है।

झारखंड में बारिश की स्थिति

मौसम केंद्र रांची की 13 अगस्त तक की विस्तारित रिपोर्ट के अनुसार, 7 से 13 अगस्त के दौरान झारखंड में साप्ताहिक बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम रही। वहीं 1 जून से 13 अगस्त तक राज्य में संचयी वर्षा सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई थी। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने से वर्षा घाटे में बदलाव संभव है।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

वज्रपात के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खुले मैदान में खड़े होने, पेड़ के नीचे रुकने और बिजली के खंभों या अन्य ऊंची संरचनाओं के पास जाने से बचें। बारिश और आंधी के दौरान संभव हो तो घर या किसी सुरक्षित पक्के स्थान पर रहें। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से मौसम चेतावनी पर ध्यान देने की जरूरत है।

Share this news

संबंधित खबरें