जमशेदपुर में 9 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी, ऑटो चालक गिरफ्तार

Rupa Kumari | August 19, 2026 | 03:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में एक 9 वर्षीय छात्रा के साथ ऑटो चालक द्वारा छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

स्कूल से घर लौटते समय हुई घटना

जानकारी के अनुसार, छात्रा को स्कूल से घर छोड़ने जा रहे ऑटो चालक ने रास्ते में उसके साथ कथित रूप से गलत हरकत की। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने पूरी घटना अपने पिता को बताई। इसके बाद पिता ने कदमा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाल बाबू के रूप में हुई है, जो कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-2 का निवासी बताया गया है। मामले की जांच एएसआई तसव्वर हुसैन खान को सौंपी गई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने आंदोलन किया समाप्त, CM हेमंत सोरेन का जताया आभार

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

जमशेदपुर में स्कूली छात्राओं के साथ ऑटो और वैन चालकों द्वारा छेड़छाड़ तथा यौन अपराध के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। जनवरी 2026 में टेल्को क्षेत्र के एक वैन चालक पर 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा था। फरवरी 2025 में बिष्टुपुर में कक्षा छह की छात्रा से छेड़खानी के आरोप में एक ऑटो चालक गिरफ्तार हुआ था। अगस्त 2024 में मानगो क्षेत्र में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में भी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें