Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : JPSC परीक्षा विवाद और छात्रों के समर्थन में बुलाए गए झारखंड बंद का असर मंगलवार को हजारीबाग में अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। सुबह कुछ इलाकों में बंद समर्थकों की गतिविधियां जरूर नजर आईं, लेकिन दिन बढ़ने के साथ शहर की रफ्तार सामान्य हो गई और अधिकांश दुकानें खुल गईं।
सुबह दिखी हलचल, बाद में खुल गए बाजार
बंद के दौरान सुबह कुछ स्थानों पर समर्थक सक्रिय रहे और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते दिखाई दिए। हालांकि इसका असर सीमित क्षेत्रों तक ही रहा। करीब 10 बजे के बाद शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानें खुलने लगीं और व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से शुरू हो गईं। डिस्ट्रिक्ट मोड़, मेन रोड, गुरु गोविंद सिंह रोड और कचहरी रोड समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर निजी और सार्वजनिक वाहनों का परिचालन भी सामान्य रहा। लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए बिना किसी बड़ी परेशानी के आवागमन करते नजर आए।

भाजपा समर्थकों ने किया प्रदर्शन
JPSC मामले को लेकर भाजपा समर्थकों ने शहर के कुछ हिस्सों में प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
यह भी पढ़ें : छात्रों की मांगों को लेकर सदन में हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी, जिससे कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। दिनभर की स्थिति को देखें तो बंद का प्रभाव मुख्य रूप से प्रतीकात्मक ही रहा। बाजार खुले रहे, यातायात सामान्य रहा और आम जनजीवन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। दोपहर तक शहर पूरी तरह सामान्य गतिविधियों में लौट आया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

