हजारीबाग में हाथियों का आतंक, एक ओर सिरफिरा अकेला हाथी तो दूसरी ओर 24 हाथियों का झुंड, दहशत में ग्रामीण

Meenu | August 7, 2026 | 11:06 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में जंगली हाथियों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। दारू, टाटीझरिया और बरकट्ठा क्षेत्र इन दिनों हाथियों के आतंक से जूझ रहे हैं। एक ओर झुंड से बिछड़ा आक्रामक अकेला हाथी गांवों में फसलों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है, वहीं दूसरी ओर 24 हाथियों का झुंड खैरा के सिझुआ क्षेत्र से बरकट्ठा तक सक्रिय है। इससे किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दारू-टाटीझरिया सीमा के गोधिया-महुआटांड इलाके में एक अकेले हाथी ने कई किसानों की मक्के और धान की फसल रौंद दी। इसके अलावा हाथी ने कई स्थानों पर चारदीवारी भी तोड़ दी। ग्रामीणों का कहना है कि यही हाथी पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग गांवों में लगातार नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें : कोडरमा में युवक की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; घरेलू विवाद की आशंका

24 हाथियों का झुंड बरकट्ठा तक पहुंचा

दूसरी ओर, खैरा के सिझुआ क्षेत्र में 24 हाथियों का झुंड पहुंचने के बाद वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। टीम पटाखे, टॉर्च और ढोल-नगाड़ों की मदद से हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने का प्रयास कर रही है। इस बीच बरकट्ठा प्रखंड के चामुदोहर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में भी हाथियों का झुंड घुस गया। हाथियों ने विद्यालय के गोदाम का दरवाजा तोड़ दिया और मध्याह्न भोजन योजना के लिए रखा करीब साढ़े तीन क्विंटल चावल तथा 10 किलो दाल खा लिया।

खेतों में जाने से डर रहे किसान

हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण धनरोपनी के इस मौसम में किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। कई गांवों के लोग पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं ताकि हाथियों को आबादी और खेतों से दूर रखा जा सके।

वन विभाग ने जारी की सतर्कता अपील

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की बदलती लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन उनके लगातार विचरण से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share this news

संबंधित खबरें