- छात्र आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का असर मंगलवार को कोडरमा जिले के डोमचांच क्षेत्र में भी देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और डोमचांच चौक पर प्रदर्शन करते हुए कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को कुछ समय के लिए जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्र आंदोलन को लेकर सरकार के रवैये पर सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती बरती गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्र JPSC-JSSC से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और CBI जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनकी बात सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रांची में छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन पर जयराम महतो का सरकार पर हमला, बोले- बातचीत से निकले समाधान
कुछ समय तक प्रभावित रहा यातायात
डोमचांच चौक पर प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में रही और बाद में आवागमन सामान्य हो गया। प्रदर्शन में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुजीत मेहता, नगर मंडल प्रभारी महेश वर्मा, नगर उपाध्यक्ष सुनील मेहता, महामंत्री प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

