1.01 करोड़ पेंशनधारियों को बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने खातों में भेजे 1100-1100 रुपये

Meenu | August 11, 2026 | 05:51 PM IST

Samachar Post डेस्क,बिहार : बिहार पेंशन दिवस के मौके पर राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1 करोड़ 1 लाख 33 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए पेंशन की राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये की दर से कुल 1,157 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के जिलाधिकारी, पेंशनधारी और अन्य गणमान्य लोग भी जुड़े।

यह भी पढ़ें : 6.32 लाख योग्य परिवार रहे आवास से वंचित, 2.90 लाख अपात्र नाम सूची में शामिल; CAG रिपोर्ट में खुलासा

अब हर महीने 10 तारीख को खाते में आएगी पेंशन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हर महीने की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था पेंशन वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पेंशन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को शुभकामनाएं भी दीं।

400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये हुई पेंशन

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये की गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पेंशन राशि में बढ़ोतरी से बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहारा मिला है। उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

कोई पात्र व्यक्ति योजना से न छूटे: CM

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने और पेंशन वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाए रखने को कहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार के 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के लिए राज्य सरकार की ओर से करीब 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर दिखाई गई लघु फिल्म

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थी और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम से जुड़े।

Share this news

संबंधित खबरें