Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड पर मंगलवार दोपहर एक महिला से स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार महिला सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने अचानक उसके हाथ से पर्स छीन लिया और तेज रफ्तार से कदमा की ओर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पर्स में लगभग 2,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के तुरंत बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें :आयरन स्पंज फैक्ट्रियों के प्रदूषण से जूझ रहा मरहांद गांव, खेती और स्वास्थ्य पर गहराता संकट
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के अनुसार फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक और उनकी स्कूटी दिखाई दी है। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

झपटमारी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में चिंता
पुलिस ने बताया कि संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आरोपियों तक जल्द पहुंचने की कोशिश जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को संदिग्ध युवकों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं पर चिंता जताई है और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

