Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद पुलिस ने केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (पीजी पोर्टल) पर दर्ज शिकायतों के निष्पादन में पूरे झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले में प्राप्त सभी शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हर मामले की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि शिकायतकर्ताओं को जल्द राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में छत काटकर चोरी, ‘मामा स्टोर’ से नकदी और सामान लेकर फरार हुए चोर
19 मई तक मिलीं 39 शिकायतें, 32 मामलों का हुआ समाधान
आंकड़ों के अनुसार 1 मई से 19 मई के बीच पीजी पोर्टल पर धनबाद police को कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 32 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 7 शिकायतों पर अभी कार्रवाई जारी है। इस प्रदर्शन के साथ धनबाद पुलिस शिकायत निवारण के मामले में पूरे राज्य में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता- एसएसपी
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी मामलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हो। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और तेज कार्रवाई के जरिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाने पर जोर
धनबाद पुलिस का कहना है कि हर शिकायत का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शिकायतों के त्वरित निष्पादन से पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
Reporter | Samachar Post