जमशेदपुर में छत काटकर चोरी, ‘मामा स्टोर’ से नकदी और सामान लेकर फरार हुए चोर

Rupa Kumari | May 21, 2026 | 01:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित पारडीह चौक में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गल्ला दुकान ‘मामा स्टोर’ की एसबेस्टस छत काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 85 हजार रुपये नकद समेत लगभग 10 हजार रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक महेश सिंह रोज की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बताया जा रहा है कि अच्छी बिक्री होने के कारण दुकान में दूध, दही और अन्य सामान के भुगतान के लिए नकद राशि रखी गई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए।

सुबह दुकान पहुंचने पर हुआ खुलासा

सुबह करीब 6 बजे जब महेश सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के अंदर का सामान बिखरा मिला और छत टूटी हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि चोर एसबेस्टस की छत काटकर दुकान में घुसे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

यह भी पढ़ें: चाईबासा में शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा वार, 1500 किलो जावा महुआ नष्ट

भाजपा नेता ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मानगो थाना पहुंचकर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार और अवैध डेली लॉटरी संचालन पर भी सवाल उठाए। विकास सिंह का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों को जागरूक करने के लिए पैदल मार्च निकाला जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें