Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित छोटाबांकी डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहाने गया 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान पिंजुस गिरी उर्फ राहुल गिरी (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफिट स्थित महानंद बस्ती का निवासी था। जानकारी के अनुसार राहुल अपने दोस्तों हीरा गोराई और राहुल धौरिया के साथ रविवार दोपहर करीब दो बजे छोटाबांकी डैम घूमने और नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान राहुल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोस्त और स्थानीय लोगों ने प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। वहीं, हीरा गोराई को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पांच घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। बाद में बोड़ाम से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने राहुल का शव डैम से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग के मत्स्य विभाग परिसर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
परिवार में पसरा मातम
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और दोस्तों के अनुसार राहुल पढ़ाई में मेधावी छात्र था और इसी वर्ष उसने 10वीं बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक पास की थी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जलाशयों और डैम में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन भी समय-समय पर लोगों से गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने का आग्रह करता रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

