हजारीबाग के मत्स्य विभाग परिसर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 11:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र स्थित मत्स्य विभाग परिसर में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खून से लथपथ अवस्था में परिसर के अंदर पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोहसिंघना थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में मुक्ति सेवा संस्थान के सचिव नीरज कुमार को भी सूचना दी गई।

शरीर पर मिले चोट के निशान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें : सावन में पहाड़ी मंदिर में शीशे की पूजन सामग्री पर प्रतिबंध, डीसी ने सुरक्षा को लेकर जारी किए निर्देश

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के हर पहलू की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मत्स्य विभाग परिसर में शव मिलने की घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें