सावन में पहाड़ी मंदिर में शीशे की पूजन सामग्री पर प्रतिबंध, डीसी ने सुरक्षा को लेकर जारी किए निर्देश

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 11:32 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सावन माह में पहाड़ी बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पहाड़ी मंदिर परिसर में शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री के उपयोग और बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने मंदिर परिसर और आसपास के दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे श्रद्धालुओं को शीशे से बनी पूजन सामग्री न बेचें और न ही उपलब्ध कराएं। साथ ही श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे पूजा-अर्चना के दौरान शीशे या अन्य धातु (मेटल) की वस्तुओं का उपयोग करने से बचें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की संभावना न रहे।

सावन की तैयारियों का किया निरीक्षण

रविवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर सावन माह की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों की व्यवस्था, शौचालय निर्माण कार्य, श्रद्धालुओं के बैठने की सुविधा, पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

समय पर पूरे हों सभी विकास कार्य

डीसी ने संबंधित विभागों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि सावन के दौरान लाखों श्रद्धालु पहाड़ी बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में दर्शन, पूजा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू, PM मोदी ने की सार्थक चर्चा की अपील; विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगा

अधिकारियों ने भी लिया निरीक्षण में हिस्सा

निरीक्षण के दौरान एसडीओ कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह तथा पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने इस अवसर पर पहाड़ी बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

Share this news

संबंधित खबरें