Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने गुरुवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के कालाझोर गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किए जा रहे करीब 3,000 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा टीम ने 105 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद की।
उपायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने कालाझोर गांव में छापेमारी की। टीम ने मौके पर अवैध शराब निर्माण से जुड़ी गतिविधियों और सामग्री की जांच की। बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोग मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने वहां मौजूद अवैध शराब और निर्माण सामग्री को अपने कब्जे में लिया तथा जावा महुआ को नष्ट कर दिया।

गुनोधर महतो समेत अन्य के खिलाफ मामला
उत्पाद विभाग के अनुसार, मामले में गुनोधर महतो समेत अन्य संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग अब आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी आगे की कार्रवाई कर रहा है।
यह भी पढ़ें : रांची के आरा गेट ब्रिज से दो नाबालिगों ने लगाई छलांग, अस्पताल में भर्ती; वजह स्पष्ट नहीं
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने की बात कही गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


